बच्चों का पढ़ाई में मन न लगे, तो उन्हें डाँटने के बजाय प्यार से समझाना और सही तरीके अपनाना बहुत जरूरी होता है। यह भी ध्यान देना जरूरी हो जाता है कि बच्चे की कोई शारीरिक या मानसिक परेशानी तो नहीं है, जिस कारण से उसका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा है।
बेसिक नॉलेज की कमी
कभी-कभी ऐसा होता है कि बच्चों को पढ़ाई समझ में नहीं आती है। इसके कई कारण हैं, जिनके बारे में मैं आपको यहाँ बताने जा रहा हूँ।
अगर कोई बच्चा अपनी कक्षा की किताबें नहीं पढ़ पाता है या उसे समझने में परेशानी होती है, तो इसका मतलब साफ है कि उसकी बेसिक नॉलेज कम है। यानी यदि वह कक्षा पाँचवीं में पढ़ रहा है, तो तीसरी और चौथी क्लास की किताब को भी पढ़ पाने में असमर्थ है। इसलिए उसे पढ़ने में उतनी रुचि नहीं होती है।
यदि ऐसी बात है, तो आप पहले बच्चे के बेसिक्स को सही करने की कोशिश करें। बेसिक सही होने पर बच्चा अपने आप पढ़ाई में रुचि लेने लगेगा।
अक्सर बच्चे पढ़ाई से इसलिए भागते हैं क्योंकि या तो उन्हें बेसिक चीजें समझ नहीं आ रही होती हैं या फिर उनका मन भटकता है। इसे ठीक करने के लिए आप इन आसान बातों का ध्यान रख सकते हैं:
पढ़ने का पक्का टाइम-टेबल बना लें
बच्चों के पढ़ने का एक रोज़ का समय तय कर दें। जब रोज़ का नियम बन जाता है, तो दिमाग अपने आप उस समय पढ़ाई के लिए तैयार हो जाता है।
बच्चों की सराहना करें
अगर बच्चा शैतान है और इसलिए उसका मन एकाग्र नहीं रहता है, तो भी उसका पढ़ाई में मन नहीं लगेगा। बच्चों को समझाइए कि पढ़ाई बहुत जरूरी है, इसलिए उसे पढ़ाई पर फोकस करने के लिए मोटिवेट करें। छोटे-छोटे पाठ और अध्याय को पूरा करने पर उसे शाबाशी दें। इससे उसे लगेगा कि वह पढ़ाई में बेहतर कर सकता है और अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से करने लगेगा।
शारीरिक कारण
कुछ बच्चों को सुनने में और अक्षर पहचानने में परेशानी होती है। अगर ऐसा बच्चों के साथ हो रहा है, तो उनके सीखने के तरीके में बदलाव लाना होगा। कुछ बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर होते हैं; उन्हें सीखने के लिए कई तरह की गतिविधियों (एक्टिविटीज) और लेखन के बार-बार अभ्यास के जरिए ही बेहतर सिखाया जा सकता है।
इस तरह के बच्चों के लिए अधिक देखभाल की आवश्यकता होती है। बच्चों पर प्रेशर न बनाएँ, वरना बच्चा पढ़ाई से घबराएगा।
कुछ बच्चों की आँखें कमजोर होती हैं। ऐसे बच्चों को दूर ब्लैकबोर्ड के छोटे अक्षर साफ दिखाई नहीं देते हैं। बच्चों की आँखों की जाँच करवाकर पावर वाला चश्मा उन्हें दिया जाना चाहिए। जब बच्चों की समस्या का समाधान होगा, तो बच्चा पढ़ाई में रुचि लेने लगेगा।
कुछ बच्चों को सोचकर लिखने में कठिनाई होती है, लेकिन यह कोई बहुत बड़ी समस्या नहीं है। लगातार अभ्यास करने से उनकी लेखन शैली अच्छी हो जाती है और वे पढ़ाई में रुचि लेने लगते हैं। यहाँ ध्यान यह देना है कि बच्चों को लगातार धीरे-धीरे लिखने की प्रैक्टिस करानी होती है।
जब आप बच्चे की शारीरिक और मानसिक समस्या का समाधान कर लेते हैं, तो निश्चित ही बच्चा पढ़ाई में मन लगाने लगता है।
पढ़ाई में मन लगने के लिए अच्छी व्यवस्था जरूरी है
कुछ बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से तेज होते हैं, लेकिन तब भी उनका पढ़ने में मन नहीं लगता। इसका कारण यह है कि उनकी गलत आदतें उन्हें पढ़ने से रोकती हैं।
पढ़ने की जगह शांत होनी चाहिए
घर पर बच्चा जब स्टडी करे, तो उसे टीवी, मोबाइल और खेल के सामान से दूर रखना चाहिए। नहीं तो बच्चे का मन बार-बार भटकता रहेगा।
थोड़ी-थोड़ी देर पर ब्रेक दें
दरअसल, बच्चे ज्यादा देर तक एक जगह टिक नहीं पाते हैं। छोटे बच्चों को कम से कम 20 से 25 मिनट ही एक बार में पढ़ने दें, उसके बाद छोटा सा ब्रेक दें। इससे पढ़ाई में उनका मन लगा रहेगा। घर पर बच्चा स्टडी कर रहा है, तो 20-25 मिनट बाद विषय (सब्जेक्ट) बदल देना चाहिए। जैसे—अंग्रेजी पढ़ने के बाद उसे सोशल साइंस या हिंदी पढ़ने के लिए समय देना चाहिए। लगातार एक ही विषय पढ़ने से बच्चा ऊब जाता है, इसलिए रुचि बनाए रखने के लिए अलग-अलग विषय पढ़ने चाहिए।
कोई टॉपिक न समझ में आ रहा हो तो यह उपाय करें
अगर बच्चों को कोई चीज़ रटने के लिए दे दी जाए, तो उनकी रुचि खत्म हो जाती है। इसलिए सबसे बढ़िया तरीका यह है कि रटने के बजाय टॉपिक को समझकर पढ़ने के लिए बच्चों को प्रेरित किया जाए।
टीचर को भी चाहिए कि बच्चों को समझाकर पढ़ाएँ और कोई चीज़ याद करानी हो, तो उसे समझा-बुझाकर याद करने के लिए कहें।
यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कुछ बच्चे बोल-बोलकर याद कर लेते हैं, तो कुछ बच्चे लिखकर याद करते हैं। इसलिए सभी के पढ़ने का तरीका अलग-अलग हो सकता है। हर बच्चे को उनके अपने तरीके के अनुसार ही पढ़ना चाहिए, जिससे बच्चा पढ़ाई में रुचि रखे और अधिक से अधिक सीख सके।
यह भी बात याद रखिए कि बच्चों को चित्रों और उदाहरणों के द्वारा समझाएँ, तो बहुत देर तक उनका ध्यान लगा रहता है और वे पाठ को अच्छी तरह समझ लेते हैं। इसलिए बच्चों को पढ़ाते समय इस बात का ध्यान रखें कि अधिक से अधिक उदाहरणों और चित्रों का प्रयोग करें।
खेल-खेल में भी सिखाएँ
बच्चों को खेलना बहुत पसंद है। अगर पढ़ाई को खेल की तरह आसान बना दिया जाए, तो बच्चों का पढ़ाई में मन लगने लगता है।
कोई भी पाठ या गणित के सूत्रों को कहानियों के माध्यम से पिरोकर याद करने का तरीका बच्चों को बहुत अच्छा लगता है।
बच्चों की तुलना किसी से न करें
बच्चों की तुलना अगर आप किसी से करने लगेंगे, तो बच्चा अपने आप को कमजोर समझने लगेगा।
हर बच्चा अपने आप में अनोखा होता है। इसलिए किसी भी बच्चे की तुलना दूसरे बच्चे से नहीं करनी चाहिए, नहीं तो उनमें हीन भावना आ जाती है। इसके बजाय बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहिए। बच्चों से आप यह कह सकते हैं कि तुम हर काम अच्छे से कर लेते हो, तो पढ़ाई भी अच्छे से कर लोगे।
इससे बच्चों में पढ़ाई के लिए रुचि बढ़ेगी।
पढ़ाई में मन लगे इसलिए उन्हें पोषणयुक्त भोजन दें
बच्चों को न्यूट्रिशन (पोषण) वाला भोजन खिलाएँ। इससे बच्चे का दिमाग और शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है। पढ़ाई में मन एकाग्र हो, इसलिए सही समय पर नींद लेना और सही समय पर जागना बहुत जरूरी होता है। कुछ बच्चे देर रात तक पढ़ते हैं और सुबह देर से उठते हैं। इस कारण से वे स्कूल में भी थके-थके से रहते हैं और पढ़ाई में मन भी नहीं लगता है।
अंतिम निष्कर्ष
अंतिम बात यह है कि बच्चों की पढ़ाई में मन तभी लगेगा, जब वे रोजाना स्कूल जाएँगे।
अगर बच्चा स्कूल में भी ध्यान से नहीं पढ़ता है, तो इस बारे में पता लगाने के लिए उसकी डायरी रोजाना देखें और शिक्षक से बात करके समस्या का समाधान पूछें।
हो सकता है बच्चा स्कूल में लापरवाही करता हो, कॉपी-किताब न लाता हो और ध्यान से सुनता भी न हो। हो सकता है बच्चा झूठ बोलता हो। इन सभी समस्याओं के कारण बच्चे का पढ़ाई में मन नहीं लगता है। ऐसे में आप किसी काउंसलर से उसकी काउंसलिंग भी करवा सकते हैं, फिर देखिएगा कि आपका बच्चा अच्छे से पढ़ने लगेगा।
13.4K@abhinavkumar4574





